फिल्मी दुनिया के कई ऐसे कलाकार हैं, जिनका दिल साथ काम करने वाले अपने साथी कलाकार पर आया। दोनों के बीच कई दिनों का साथ होता है और फिर दोनों एक साथ ज़िंदगी बिताने का सपना देखने लगते है। लेकिन फिर अचानक ऐसा मोड़ आता है और किसी न किसी कारण से उनकी राहें अलग हो जाती हैं। बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं, जिनका प्यार शुरुआत में परवान चढ़ा और उन्होंने सगाई तक कर ली, लेकिन विवाह के बंधन में बंधन से पहले अपने रिश्ते को हमेशा-हमेशा के लिए खत्म कर लिया।

फ़िल्मी दुनिया से दूर राजेश और डिंपल कपाड़िया की बेटी ट्विंकल खन्ना के पति अक्षय कुमार जो कि कनाडाई बॉलीवुड अभिनेता है अपने करियर में कई अभिनेत्रियों के साथ रिलेशनशिप में रहे हैं। अपने शुरुआती दिनों में अक्षय कुमार और रवीना टंडन ने एक दूसरे को तीन साल तक डेट किया था। 90 के दशक में है इन दोनों की जोड़ी सुपरहिट थी और दर्शकों द्वारा काफी पसंद की जाती थी। एक न्यूज़ चैनल को दिए अपने साक्षात्कार में रवीना टंडन ने इस बात का खुलासा किया था कि उन्होंने अक्षय कुमार के साथ एक मंदिर में बिना किसी को बताए सगाई कर ले थी। लेकिन सभी के डर से और दोनों के करियर को कोई नुकसान ना हो इस वजह से इस सगाई को छुपा कर रखा था। सगाई के कुछ समय बाद ही अक्षय कुमार की नज़दीकियां किसी और अभिनेत्री की तरफ बढ़ते हुए देख रवीना टंडन ने उनसे सगाई तोड़ दी थी।

बॉलीवुड मॉडल करण सिंह ग्रोवर और बरखा बिष्ट अपने डेब्यू शो कितनी मस्त है जिंदगी के सेट पर वर्ष 2004 में मिले थे। इस शो के फिल्मांकन के समय ही दोनों को एक दूसरे से प्यार हुआ और दोनों डेट पर जाने लगे। कुछ समय बाद ही दोनों ने सगाई करने का फैसला कर लिया था। हालांकि वर्ष 2004 में सगाई कर लेने के बाद इन दोनों का रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला और दोनों वर्ष 2006 में अलग भी हो गए। बताया जाता है कि करण को बरखा का चुलबुला व्यवहार पसंद नहीं था जिससे वह असुरक्षित महसूस करने लगे थे। करण के इस बयान पर बरखा ने सफाई देते हुए कहा कि करण ने उन्हें धोखा दिया है और उनके व्यवहार को लेकर जो टिप्पणी की है वह सरासर गलत है।

इन दिनों बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर रह रहे नील नितिन मुकेश ने अपने करियर के शुरुआती दिनों में अपनी ही डिजाइनर प्रियंका भाटिया से प्यार कर लिया था। कुछ समय तक दोनों ने एक दूसरे को डेट भी किया और अंत में जाकर सगाई भी कर ली थी। नील नितिन मुकेश का वह शुरुआती दौर था और उन्हें अपने करियर में कोई बड़ी सफलता भी प्राप्त नहीं हुई थी इसलिए वह अपना अधिकतर समय अपने करियर पर देना चाहते थे। धीरे धीरे नील नितिन मुकेश अपने काम में व्यस्त रहने लगे और प्रियंका भाटिया को समय नहीं दे पा रहे थे, जिसकी वजह से दोनों के बीच में मनमुटाव होने लगा था। दोनों के बीच का मनमुटाव इतना अधिक बढ़ गया था कि अंत में जाकर दोनों ने अपनी सगाई को तोड़कर अलग हो जाने का फैसला ले लिया।

बॉलीवुड में कॉन्ट्रोवर्सी क्वीन के नाम से मशहूर अभिनेत्री और डांसर राखी सावंत हमेशा अपने अतरंगी व्यवहार को लेकर चर्चा में रहती है। कुछ समय पहले राखी सावंत ने एक रियलिटी शो किया था जिसका नाम था राखी का स्वयंवर। अपने जीवन साथी की तलाश के लिए उन्होंने इस शो को बनाया था जिसमें देश विदेश के कई प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। राखी सावंत ने शो के अंत में 15 प्रतिभागियों के बीच में से कनाडा के रहने वाले बिजनेसमैन इलेश परुजनवाला को अपना जीवन साथी चुना था। हालांकि यह शो जीवनसाथी के चुनाव के लिए बनाया गया था लेकिन उसके बाद भी यह शादी तक नहीं पहुंच सका। राखी सावंत ने जीवनसाथी इलेश परुजनवाला को लेकर सफाई दी कि उनकी सोच बिल्कुल अलग है जोकि उन्हें पसंद नहीं और इसी के कारण दोनों ने ब्रेकअप कर लिया। हालांकि इलेश परुजनवाला ने सफाई दी थी कि राखी ने अपने कैरियर में प्रसिद्धि पाने के लिए उनका इस्तेमाल किया।

80 के दशक के महान अभिनेता सुरेश ओबरॉय के बेटे विवेक ओबरॉय एक समय ऐश्वर्या राय के साथ अपने अफेयर को लेकर चर्चाओं में थे। लेकिन बहुत कम लोग ही यह जानते हैं कि फिल्मों में आने से पहले ही विवेक ओबेरॉय अपना दिल गुरप्रीत गिल से लगा बैठे थे। अक्सर बॉलीवुड दुनिया में जैसा होता आया है ठीक वैसा ही विवेक ओबरॉय ने भी गुरप्रीत के साथ किया। बॉलीवुड में थोड़ी सी की सफलता मिलने के बाद उन्होंने गुरप्रीत गिल संग हुई अपनी सगाई को तोड़ दिया और ऐश्वर्या राय के पीछे लग गए। उस समय ऐश्वर्या राय बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक थी।

बॉलीवुड दुनिया के दो बड़े परिवारों के बीच रिश्तेदारी बनाने वाले अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर ने एकसाथ कई फिल्मों में काम किया है। बड़े पर्दे पर दिखाई देने वाली इस जोड़ी ने अपनी रियल लाइफ में पांच सालों तक एक दूसरे को समय दिया और 2002 में अमिताभ बच्चन के 60वें जन्मदिन के अवसर पर सगाई भी कर ली थी। इस सगाई में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब साल 2003 में अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर ने ब्रेकअप की खबरें सार्वजनिक की। खबरों के मुताबिक अभिषेक और करिश्मा एक दूसरे से अलग नहीं होना चाहते थे लेकिन उनके अलग होने की वजह बनी उनकी मां। ऐसा कहा जाता है कि जया बच्चन और बबीता कपूर के बीच किसी बात को लेकर कड़वाहट हुई और इसी के चलते अभिषेक व करिश्मा के रिश्ते का अंत हुआ। जिस समय दोनों की सगाई टूटी उस समय करिश्मा कपूर ऊंचाइयों पर थी और अभिषेक बच्चन संघर्ष कर रहे थे। बॉलीवुड विशेषज्ञों ने बताया कि करिश्मा कपूर की मां बबीता अभिषेक बच्चन के भविष्य को लेकर चिंतित थी और उन्हें अपनी बेटी का भविष्य उनके साथ सुरक्षित नहीं लग रहा था। जब इस बात को लेकर उन्होंने जया बच्चन से बातचीत की तो नतीजा आप सभी के सामने हैं।